सारण: वरीय अधिवक्ता स्व. वीरेन्द्र नारायण सिंह को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि — निखिल कुमार, जस्टिस अनंत विजय सिंह और कई गणमान्य हुए शामिल
सारण (बिहार): सारण प्रमंडल के वरीय अधिवक्ता एवं बिहार विधि मंडल के पूर्व अध्यक्ष स्व. वीरेन्द्र नारायण सिंह की स्मृति में शनिवार को उनके साधनापुरी स्थित आवास पर आयोजित ब्रह्मभोज में कानूनी, प्रशासनिक और सामाजिक जगत के कई गणमान्य लोग शामिल हुए। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में नागालैंड और केरल के पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, संयुक्त बिहार (झारखंड) उच्च न्यायालय के अवकाश प्राप्त न्यायाधीश जस्टिस अनंत विजय सिंह, पटना उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस दिनेश कुमार सिंह, कई वरिष्ठ अधिकारी, अधिवक्ता और समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत अधिवक्ता को सारण की विधिक सेवा, शिक्षा और सामाजिक चेतना में उनके योगदान के लिए याद किया।
स्व. वीरेन्द्र नारायण सिंह के पुत्र व ब्रिटेन स्थित प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. आलोक कुमार सिंह ने बताया कि उनके पिता ने 93 वर्ष की आयु में पटना स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे और इलाजरत थे।
एकमा प्रखंड के हंसराजपुर गांव निवासी स्व. सिंह अपने पीछे 90 वर्षीय पत्नी राजेश्वरी देवी, पुत्र डॉ. आलोक कुमार सिंह, पुत्रवधू डॉ. अनिता प्रिया, पौत्र डॉ. अभिनव सिंह, तथा चार पुत्रियाँ — डॉ. अंशु सिंह, डॉ. अंजू सिंह, डॉ. अल्का सिंह और डॉ. आभा सिंह को छोड़ गए हैं।
उनका परिवार शिक्षा, चिकित्सा और समाज सेवा के क्षेत्र में प्रतिष्ठित है। बड़ी पुत्री डॉ. अंशु सिंह उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री टी. एन. सिंह की बहू हैं, जबकि डॉ. अंजू सिंह जौनपुर के सिंगरामऊ राजघराने की महारानी और समाजसेवी हैं। तीसरी पुत्री डॉ. अल्का सिंह झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश जस्टिस अनंत विजय सिंह की पत्नी हैं, और चौथी पुत्री डॉ. आभा सिंह अहमदाबाद में परामर्शदात्री के रूप में कार्यरत हैं।
स्व. बीरेंद्र नारायण सिंह का ससुराल गोपालगंज जिले के देवापुर राज परिवार में है, जिनके स्वामी महान स्वतंत्रता सेनानी स्व. ब्रज किशोर सिंह थे। वे देवापुर राज परिवार के मुखिया और प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी रहे हैं। उनके पुत्र मंजीत कुमार सिंह गोपालगंज के पूर्व विधायक रह चुके हैं।
स्व. सिंह के बहनोई बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सत्येंद्र नारायण सिंह और बहन किशोरी सिन्हा, जो वैशाली से सांसद रह चुकी हैं, ने भी बिहार की राजनीति और समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
इस अवसर पर जगदम कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. डॉ. ललन सिंह, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रो. डॉ. पंकज कुमार, पूर्व विधायक बामेश्वर सिंह, वरीय अधिवक्ता सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, वरीय पत्रकार राकेश कुमार सिंह, लोक अदालत सिवान के सदस्य रमेश कुमार सिंह, दैनिक भास्कर के अमन कुमार सिंह, धर्मेंद्र रस्तोगी, रूपेश सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। सभी ने स्व. सिंह के योगदान को बिहार की विधिक और सामाजिक धारा का अमूल्य अध्याय बताया।#Chhapra #Saran #VeerendraNarayanSingh #Shradhanjali #LegalFraternity #BiharNews #
